सिलीगुड़ी

साइबर ठगी मामले में एक और बैंक अधिकारी गिरफ्तार।

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी

साइबर ठगी के एक मामले की जांच में मेट्रोपोलिटन पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। प्रधाननगर थाने में दर्ज साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने इंडसलैंड बैंक के एक और अधिकारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान विकास सूत्रधार (37) के रूप में हुई है। वह इंडसलैंड बैंक की सेवक रोड शाखा में सर्विस डिलीवरी मैनेजर के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने उसे सोमवार शाम बैंक की शाखा से गिरफ्तार किया।

मेट्रोपोलिटन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधाननगर थाने में दर्ज साइबर ठगी के मामले की जांच के दौरान इससे पहले इंडसलैंड बैंक के डिप्टी ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल पुलिस रिमांड पर था। उससे पूछताछ के दौरान मिले बयान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में विकास सूत्रधार की भूमिका सामने आई।

जांच में आरोप है कि बैंक अधिकारी ने पते के प्रमाण से जुड़े दस्तावेजों का समुचित सत्यापन किए बिना एक म्यूल अकाउंट खुलवाने में भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले ऐसे बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम को एक जगह से दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाता है। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस बैंक अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है।

विकास सूत्रधार को 2 नवंबर की शाम सेवक रोड स्थित इंडसलैंड बैंक की शाखा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित म्यूल अकाउंट खोलने की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका थी और इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किस तरह किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT