सिलीगुड़ी : अनंत चतुर्दशी से एक दिन पहले बाजारों में पूजन सामग्री और अनंत के धागे की दुकानें तो सज गईं, लेकिन लगातार बारिश ने त्योहार की खरीदारी पर असर डाल दिया। गुरुवार को दिन में कुछ समय के लिए बारिश थमने के बाद बाजार में थोड़ी-बहुत चहल-पहल दिखाई दी और लोगों ने अनंत धागे, पूजा सामग्री, फल-फूल समेत जरूरी सामानों की खरीदारी की। हालांकि, शाम करीब चार बजे के बाद फिर शुरू हुई तेज बारिश ने दुकानदारों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। महावीर स्थान क्षेत्र के दुकानदारों के मुताबिक, कल शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी है। अनंत चतुर्दशी से एक-दो दिन पहले आमतौर पर बाजार में अच्छी भीड़ देखने को मिलती है।लेकिन इस बार मौसम खराब रहने के कारण ग्राहक कम संख्या में बाजार पहुंच रहे हैं। कई जगहों पर दुकानदारों ने सड़क किनारे और बाजारों में अनंत के धागे, पूजा की थाली, रोली, चंदन, फूल, फल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर रखी थी। इसके बावजूद बारिश के कारण बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं हो सकी। हालांकि कल दोपहर के 12 बजे तक उम्मीद है कि थोड़ी बहुत आमदनी होगी, क्योंकि उसके बाद सब पूजा में व्यस्त हो जाएंगे। हिंदू धर्म में अनंत चतुर्दशी का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। यह पर्व भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की पूजा की जाती है। पूजा के बाद श्रद्धालु हाथ में अनंत सूत्र यानी पवित्र धागा बांधते हैं।मान्यता है कि इसे धारण करने से भगवान विष्णु की कृपा और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है।