अलीपुरदुआर: कालचीनी प्रखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर स्थित डिमा नदी पुल पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। लोहे की रॉड से लदा एक कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए आधा पुल से नीचे लटक गया। राहत की बात यह रही कि चालक और खलासी ने समय रहते केबिन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कंटेनर ट्रक सिलिगुड़ी से गुवाहाटी की ओर जा रहा था। डिमा नदी पुल पर पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए पुल के किनारे से नीचे लटक गया। हादसे के बाद ट्रक का केबिन हवा में झूलता रहा, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कालचीनी थाना के निमती आउटपोस्ट की पुलिस और कालचीनी ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित कर यातायात नियंत्रित किया और क्रेन की सहायता से कंटेनर को सुरक्षित निकालने का अभियान शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ट्रक कुछ और आगे बढ़ जाता, तो वह सीधे डिमा नदी में गिर सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। चालक और खलासी के सुरक्षित बच निकलने से एक बड़ी जनहानि टल गई।