गंगटोक : सिक्किम की समृद्ध पक्षी विविधता और प्रकृति आधारित पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। अमेरिका के टेक्सास में आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बर्डिंग फेयर में सिक्किम के बर्डिंग हॉटस्पॉट मैप का अनावरण किया गया।
बर्डफेयर की आयोजक ट्रेसी जेर्वोस ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों की उपस्थिति में मैप जारी किया। इस अवसर पर भारतीय टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के सिक्किम एवं उत्तर बंगाल चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. पीटर लोबो ने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
इस मैप की परिकल्पना एवं डिजाइन सिक्किम ऑर्निथोलॉजिकल सोसाइटी के अध्यक्ष छेवांग आर. बोनपो ने किया है। इसमें सिक्किम के प्रमुख पक्षी प्रजातियों, वन्यजीवों और महत्वपूर्ण बर्डिंग स्थलों को दर्शाया गया है।
इस पहल का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय पक्षी प्रेमियों और प्रकृति पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ स्थानीय पक्षी गाइडों, ग्रामीण होमस्टे और समुदायों के लिए टिकाऊ आजीविका के अवसर विकसित करना है।
डॉ. लोबो के अनुसार, टेक्सास में अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों ने सिक्किम और उत्तर बंगाल की जैव विविधता एवं प्राकृतिक सुंदरता में काफी रुचि दिखाई है। इस पहल से पूर्वी हिमालय को अंतरराष्ट्रीय बर्डिंग और जिम्मेदार प्रकृति पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।