सिलीगुड़ी

अमर सुब्बा ने रचा इतिहास, 50 किलोमीटर दौड़ में हासिल किया प्रथम स्थान

Abhijit Dey

गंगटोक : सिक्किम के प्रसिद्ध धावक एवं ‘मैराथन मैन ऑफ सिक्किम’ के नाम से लोकप्रिय अमर सुब्बा ने महाराष्ट्र में आयोजित ट्रिम्बक अल्ट्रा 2026 की 50 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया है।

जम्पिङ गोरिल्ला माउन्टेन ट्रेल रन सीरीज के तहत आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अमर सुब्बा ने ओपन कैटेगरी में पहला स्थान प्राप्त किया। 57 वर्ष की उम्र में युवा धावकों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

बिब नंबर 5004 के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सुब्बा ने ट्रिम्बक के पथरीले और चुनौतीपूर्ण पहाड़ी रास्तों पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 किलोमीटर की दौड़ पूरी की।

विशेष रूप से 57 वर्ष की उम्र में ओपन कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल करना उनकी शारीरिक क्षमता, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि ने एक बार फिर उन्हें ‘मैराथन मैन ऑफ सिक्किम’ के रूप में स्थापित किया है। साथ ही वह राज्य के युवाओं और उभरते धावकों के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं।

उल्लेखनीय है कि ट्रिम्बक अल्ट्रा एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ट्रेल रनिंग प्रतियोगिता है, जिसे इंटरनेशनल ट्रेल रनिंग एसोसिएशन (आईटीआरए) और अल्ट्रा-ट्रेल डु मोंट-ब्लांक (यूटीएमबी) की आधिकारिक मान्यता प्राप्त है। ‘ब्यूटीफुली ब्रूटल, डीप्ली स्पिरिचुअल’ के नाम से पहचानी जाने वाली यह प्रतियोगिता अपने कठिन पहाड़ी मार्गों और आध्यात्मिक वातावरण के लिए जानी जाती है।

अमर सुब्बा की इस सफलता को सिक्किम के खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT