कूचबिहार: कूचबिहार में भाजपा के एक पंचायत सदस्य के घर में तोड़फोड़ और लूटपाट करने का आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। यह घटना कूचबिहार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के चंदामारी इलाके में घटित हुई | घटना के विरोध में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कूचबिहार कोतवाली थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा के कूचबिहार जिला अध्यक्ष अभिजित बर्मन और कूचबिहार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार रथींद्रनाथ बोस सहित अन्य नेताओं ने जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी।
भाजपा का आरोप है कि शनिवार को उनके उम्मीदवार चंदामारी इलाके में चुनाव प्रचार के लिए जाने वाले थे। उससे पहले शुक्रवार रात स्थानीय भाजपा पंचायत सदस्य महेश्वर बर्मन के घर पर हमला किया गया। आरोप के अनुसार, घर में तोड़फोड़ के साथ-साथ लूटपाट भी की गई।
भाजपा उम्मीदवार रथींद्रनाथ बोस के निशाने पर थाना प्रभारी
भाजपा उम्मीदवार रथींद्रनाथ बोस ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने एक नहीं, बल्कि दो बार हमला कर घर में तोड़फोड़ की और सामान लूट लिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस घटना में कोतवाली थाने के प्रभारी की भूमिका संदिग्ध है और उनकी शह पर यह सब किया गया। उन्होंने कहा कि गांवों में इस तरह की घटनाएं कर भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इसका जवाब जनता देगी।
तृणमूल उम्मीदवार अभिजीत दे ने आरोपों को किया ख़ारिज
तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अभिजीत दे भौमिक ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा कि पहले से ही आशंका थी कि इस तरह के झूठे आरोप लगाए जा सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि इन आरोपों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा और तृणमूल कांग्रेस कूचबिहार की सभी नौ सीटों पर जीत हासिल करेगी।