बैठक में विधायक उत्पल महराज, ब्लॉक विकास अधिकारी, पंचायत समिति अध्यक्ष और अन्य  
सिलीगुड़ी

कालियागंज में विकास योजनाओं को लेकर प्रशासनिक बैठक

कालियागंज: राज्य में राजनीतिक बदलाव के बाद विकास कार्यों को तेज करने के उद्देश्य से कालियागंज विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक स्तर पर कई अहम पहल शुरू की गई हैं। सोमवार को कालियागंज के विधायक उत्पल महराज ने ब्लॉक विकास अधिकारी, पंचायत समिति अध्यक्ष और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों, अधूरे प्रोजेक्ट्स और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, निकासी व्यवस्था, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी कार्यालयों की बाउंड्री वॉल निर्माण तथा आधारभूत ढांचे के विकास पर जोर दिया गया। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और कार्यों को तेजी से पूरा करने का आश्वासन दिया।

विधायक उत्पल महराज ने कहा कि जनता ने विकास की उम्मीद में परिवर्तन को स्वीकार किया है और अब उनका लक्ष्य क्षेत्र को एक आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि केवल योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि उनका जमीनी स्तर पर सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर समस्याओं की पहचान की जाएगी और त्वरित समाधान किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT