सिलीगुड़ी

12वीं की परीक्षा को लेकर प्रशासनिक बैठक

नागराकाटा: 12वीं कक्षा की तृतीय सेमेस्टर परीक्षा को लेकर जलपाईगुड़ी जिले में तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कुल 17 सेंटर के अधीन 74 परीक्षा स्थल पर यह परीक्षा आयोजित होगी। आगामी 8 सितंबर से शुरू होने वाली यह परीक्षा, जो पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत होगी, 22 सितंबर को समाप्त होगी। जलपाईगुड़ी जिले से कितने परीक्षार्थी इस परीक्षा में बैठेंगे, यह संख्या अभी तय नहीं हुई है, लेकिन छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में अधिक है। परीक्षा को लेकर बुधवार को नागराकाटा में एक प्रशासनिक बैठक हुई। इसके साथ ही मयनागुड़ी के भुजारिपाड़ा हाई स्कूल और राजगंज के संन्यासीकाटा हाई स्कूल में सेंटर कमिटी की बैठक आयोजित की गई। जिला उच्च माध्यमिक परीक्षा कमिटी के संयुक्त आह्वायक भैरव बर्मन ने कहा कि बारहवीं कक्षा की तृतीय सेमेस्टर परीक्षा ओएमआर आधारित होगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होगी और समय दिया जाएगा 1 घंटा 15 मिनट। परीक्षार्थी बिना किसी बाधा के परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें, इसके लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक परीक्षा स्थल पर 3–4 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पहले की तरह ही प्रतिबंधित रहेगा। जलपाईगुड़ी जिला मुख्य रूप से चाय बागान और वन बस्तियों से घिरा हुआ है तथा यहां कई दूर-दराज़ के क्षेत्र भी हैं। परीक्षार्थियों को आने-जाने में कोई कठिनाई न हो, इसके लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। इस विषय पर गुरुवार को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के दफ्तर में संबंधित विभागों के साथ एक बैठक बुलाई गई है। जंगल से सटे क्षेत्रों के परीक्षार्थियों के लिए वन विभाग की ओर से भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।आज बुधवार को नागराकाटा की बैठक में विभिन्न स्कूलों के प्रधानाध्यापक, सेंटर सचिव, स्थल पर्यवेक्षक, ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी, नागराकाटा पंचायत समिति के अध्यक्ष, संयुक्त बीडीओ तथा कई चाय बागानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। नागराकाटा के विद्यालय निरीक्षक विजय चंद्र राय ने कहा कि किसी भी परीक्षार्थी को आवाजाही में कोई कठिनाई न हो, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। चाय बागानों ने भी परीक्षा के लिए वाहन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

SCROLL FOR NEXT