सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी के विधान मार्केट में शुक्रवार को प्रशासन की ओर से संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। दार्जिलिंग के जिलाधिकारी की अगुवाई में हुए इस अभियान में सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (ईस्ट), सिलीगुड़ी के एसडीओ के अलावा कंज्यूमर अफेयर्स, फूड एंड सप्लाई तथा लीगल मेट्रोलॉजी विभाग के अधिकारी शामिल रहे।निरीक्षण के दौरान बाजार में रोजमर्रा की जरूरत वाली वस्तुओं की कीमतों और गुणवत्ता की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने सब्जियों, फलों, किराना सामान, मांस और मछली समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं के मौजूदा दाम की जानकारी ली। इस दौरान दुकानदारों से भी वस्तुओं की खरीद और बिक्री से संबंधित जानकारी हासिल की गई।
ग्राहकों से भी ली जानकारी
अधिकारियों ने बाजार में खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों से बातचीत कर मौजूदा कीमतों और बाजार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। ग्राहकों से यह जानने की कोशिश की गई कि उन्हें सामान किस कीमत पर मिल रहा है और कहीं निर्धारित कीमत से अधिक वसूली तो नहीं की जा रही।
मिठाई और डेयरी उत्पादों की जांच
निरीक्षण के दौरान मिठाई की दुकानों, डेयरी उत्पादों और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया। खाद्य पदार्थों को किस तरह रखा जा रहा है, उनकी स्वच्छता कैसी है और ग्राहकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल रही है या नहीं, इसकी भी जांच की गई।
जांच के लिए लिए सैंपल
अधिकारियों ने आगे विस्तृत गुणवत्ता जांच के लिए कुछ खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए। इन सैंपलों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच कराई जाएगी। इसके अलावा बाजार में सही माप-तौल और उपभोक्ता अधिकारों से जुड़े मानकों पर भी नजर रखी गई।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, ऐसे संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य बाजार में ग्राहकों के हितों की रक्षा करना है। साथ ही खाद्य सुरक्षा, उचित मूल्य, सही माप-तौल और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहा।प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार के कारोबारियों के बीच भी हलचल रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आवश्यक वस्तुओं की कीमत, खाद्य गुणवत्ता और माप-तौल से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रह सकती है।