सिलीगुड़ी : शहर की जानी-मानी समाजसेवी अदिति गुप्ता ने प्रतिष्ठित डीके पेजेंट - प्राइड ऑफ इंडिया में सेकंड रनर-अप, मिसेज प्राइड ऑफ इंडिया जी2 का खिताब जीतकर पूरे बंगाल का नाम रोशन किया है। यह भव्य आयोजन होटल ताज विवांता, द्वारका, नई दिल्ली में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में पूरे भारत से 2000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया था, जिसमें से 120 फाइनलिस्ट को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया था।
एक समाजसेवी और दो बच्चों की मां अदिति गुप्ता ने यह साबित कर दिया कि अगर जज्बा हो तो संघर्ष, मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्हें सेकंड रनर-अप के साथ-साथ मिसेज वेस्ट बंगाल व मोस्ट इंटेलेक्चुअल और बेस्ट इंट्रोडक्शन का विशेष टैग भी मिला।
अपनी जीत पर अदिति गुप्ता ने कहा, 'यह मेरी मेहनत और जज्बे की जीत है। मैं हर मेहनती महिला से यही कहना चाहूंगी कि अपनी ईमानदारी और लगन को बनाए रखें, आपका दिन जरूर आएगा और आप चमकेंगी।'
उन्होंने इतना सुंदर और प्रतिष्ठित मंच प्रदान करने के लिए डीके पेजेंट और डॉ. जिमी गरिमा का दिल से धन्यवाद किया। अदिति अब मिसेज इंटरनेशनल के लिए अपनी तैयारी करना चाहती हैं और सभी से आशीर्वाद और दुआओं की कामना करती हैं।