गंगटोक : सिक्किम के लोकसभा सांसद डॉ. इंद्र हांग सुब्बा ने लेह में आयोजित उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण संबंधी संसदीय स्थायी समिति की अध्ययन यात्रा में हिस्सा लिया। अध्ययन यात्रा के दौरान समिति ने लद्दाख के मुख्य सचिव की उपस्थिति में भारतीय खाद्य निगम और केंद्रीय भंडारण निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति तथा क्षेत्र में प्रभावी और उत्तरदायी सार्वजनिक वितरण प्रणाली सुनिश्चित करने में आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई । समिति ने उपभोक्ता मामले विभाग और वित्तीय सेवा विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और जम्मू-कश्मीर बैंक के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की।
चर्चा के दौरान ग्राहक सेवाओं, बैंकिंग एवं वित्तीय धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों, उपभोक्ता जागरूकता, प्रोत्साहन योजनाओं और विभिन्न सरकारी सब्सिडी आधारित कार्यक्रमों के तहत उपलब्ध ऋण सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। समिति ने लोगों तक इन सेवाओं और योजनाओं की पहुंच बेहतर बनाने तथा पात्र लाभार्थियों को उनका प्रभावी लाभ सुनिश्चित करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया। अध्ययन यात्रा के माध्यम से समिति को जमीनी स्तर की चुनौतियों को समझने तथा उपभोक्ता कल्याण, खाद्य सुरक्षा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के लिए आवश्यक उपायों पर विचार करने का अवसर मिला।