इस्लामपुर: बॉर्डर क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस के. जयारामन ने गुरुवार को चोपड़ा ब्लॉक के दासपाड़ा इलाके का दौरा किया। यह दौरा प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इलाके में नए पुलिस स्टेशन की स्थापना को लेकर चर्चा चल रही है। स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से अलग पुलिस स्टेशन की मांग की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मौजूदा स्थिति में बड़े क्षेत्र में कानून-व्यवस्था संभालने और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में कठिनाइयां सामने आ रही हैं, जिसके चलते नए थाने की आवश्यकता पर विचार किया जा रहा है। दौरे के दौरान ADG ने संभावित पुलिस स्टेशन के लिए चिन्हित भूमि और आसपास के बुनियादी ढांचे का निरीक्षण किया। उनके साथ इस्लामपुर पुलिस जिला के एसपी राकेश सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने इलाके की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या घनत्व और संचार व्यवस्था की भी समीक्षा की।