सिलीगुड़ी

नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर घर में चोरी का आरोप

Irfan E Azam

इस्लामपुर : परिवार के सदस्यों के खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश करने के बाद घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन समेत कई कीमती सामान चोरी करने का आरोप बदमाशों पर लगा है। घटना चोपड़ा के दासपाड़ा ग्राम पंचायत के गेंदागाछ गांव की है। मंगलवार सुबह घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात गेंदागाछ गांव निवासी खादिमुल इस्लाम के घर में यह घटना हुई। बताया गया कि दोपहर में परिवार के सदस्यों ने एक साथ खाना खाया था। इसके बाद सभी को अचानक नींद आने लगी और वे अस्वस्थ महसूस करने लगे। उस समय खादिमुल काम के सिलसिले में घर से बाहर थे।

दोपहर में घर लौटने पर उन्होंने घर में काम कर रहे राजमिस्त्री और उसके बेटे को कई बार आवाज दी, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में परिवार के अन्य सदस्य भी बेहोश हो गए। हालत बिगड़ने पर परिवार के सदस्यों को पहले दोलुआ ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उन्हें इस्लामपुर उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, आरोप है कि परिवार के सदस्यों के बेहोश होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने घर की अलमारी और दराज तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन समेत कई सामान चोरी कर लिए। खादिमुल इस्लाम ने बताया कि घटना को लेकर वह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे।

SCROLL FOR NEXT