इस्लामपुर : डारिभीट कांड में मारे गए पूर्व छात्रों राजेश सरकार और तापस बर्मन की मौत के मामले में न्याय की मांग एक बार फिर उठी है। रविवार को डारिभीट में एबीवीपी की ओर से आयोजित मदर लैंग्वेज डे कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने दोनों परिवारों के साथ खड़े रहने की बात कही। कार्यक्रम में राज्य मंत्री कौशिक चौधरी समेत भाजपा और एबीवीपी के कई नेता शामिल हुए। वक्ताओं ने मामले में अब तक न्याय नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, मृतक तापस बर्मन की मां मंजू बर्मन ने कहा कि उन्हें सरकार से न्याय की उम्मीद है।
20 सितंबर 2018 को डारिभीट हाईस्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर तनाव की स्थिति बनी थी। इसके बाद हुई घटना में राजेश सरकार और तापस बर्मन की गोली लगने से मौत हुई थी। घटना के बाद से दोनों परिवार और विभिन्न संगठन मामले की जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते रहे हैं। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस मामले को फिर उठाया। कार्यक्रम में कहा गया कि दोनों मृत छात्रों के परिवार लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इस दौरान राजेश और तापस की समाधि पर भी श्रद्धांजलि दी गई।
तापस बर्मन की मां मंजू बर्मन ने घटना को याद करते हुए कहा कि बेटे की समाधि पर आने से पुरानी बातें याद आ गईं और वह भावुक हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय छात्र बंगला माध्यम के शिक्षकों की मांग कर रहे थे और इसी मुद्दे को लेकर आंदोलन हुआ था। उनके अनुसार, आंदोलन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में उनके बेटे तापस और राजेश की मौत हुई। उन्होंने कहा कि परिवार को उम्मीद है कि सरकार मामले में न्याय दिलाएगी। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और एबीवीपी की ओर से भी पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग दोहराई गई।