हाथियों के हमले से क्षतिग्रस्त आईसीडीएस केंद्र  
सिलीगुड़ी

जंगल से निकले हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात

जलपाईगुड़ी : जलपाईगुड़ी के नागराकाटा ब्लॉक स्थित बामनडांगा चाय बागान क्षेत्र में एक रात के भीतर फिर जंगली हाथियों के हमले से दहशत फैल गई। गुरुवार देर रात गरुमारा राष्ट्रीय उद्यान से निकले हाथियों के झुंड ने दो आईसीडीएस केंद्रों, एक स्वास्थ्य केंद्र और एक निजी स्कूल में जमकर तोड़फोड़ की। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भोजन की तलाश में हाथियों का झुंड सबसे पहले स्वास्थ्य केंद्र में घुस गया और दरवाजा तोड़कर अंदर रखे कुर्सी-टेबल को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने आईसीडीएस केंद्र संख्या 297 पर हमला कर रसोईघर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद हाथियों ने एक अंग्रेजी माध्यम निजी स्कूल के कार्यालय कक्ष में घुसकर किताबें, कॉपियां और फर्नीचर नष्ट कर दिए। लौटते समय उन्होंने बिचलाइन क्षेत्र के आईसीडीएस केंद्र संख्या 85 में रखे मध्याह्न भोजन के लिए संग्रहित चावल और आटा खा लिया तथा काफी सामान बर्बाद कर दिया। करीब दो घंटे तक उत्पात मचाने के बाद हाथियों का झुंड वापस गरुमारा जंगल की ओर लौट गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में बिजली की कमी के कारण हाथियों की आवाजाही और अधिक बढ़ जाती है। चाय बागान श्रमिक बाबन लोहार ने बताया कि लगातार हाथियों के डर में रातें गुजारनी पड़ रही हैं और बिजली की समस्या स्थिति को और गंभीर बना रही है। आईसीडीएस केंद्र संख्या 85 की प्रभारी अमृता जिरासुरी ने कहा कि नुकसान के बावजूद केंद्र की सेवाएं जारी रखी जाएंगी। वहीं वन विभाग ने हाथियों की गतिविधियों पर नजर बढ़ा दी है और इलाके में गश्त तेज कर दी गई है।

SCROLL FOR NEXT