अलीपुरदुआर: जिले में नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अलीपुरदुआर जिला पुलिस की एसओजी टीम और फालाकाटा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर 7,168 नशीली कैप्सूल बरामद कीं। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कैप्सूल बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 66 हजार रुपये बताई गई है। फालाकाटा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर कैप्सूल की सप्लाई और संभावित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।