गंगटोक : उत्तर सिक्किम के प्रमुख पर्यटन स्थल गुरुडोंगमार झील और लाचेन की यात्रा पर गए करीब 60 पर्यटक भूस्खलन के कारण लाचेन में फंस गए हैं। बताया गया है कि लगभग 10 पर्यटक वाहन छाप्तेन में भूस्खलन के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होने से आगे नहीं बढ़ सके। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पर्यटक फिलहाल लाचेन के विभिन्न होटलों में ठहरे हुए हैं। चुंगथांग के महकमे अधिकारी अरुण छेत्री के अनुसार, सभी पर्यटकों को सुरक्षित गंगटोक वापस लाने की व्यवस्था की गई है और उन्हें सोमवार को गंगटोक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सड़क को बहाल करने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) युद्धस्तर पर काम कर रहा है। लगातार दो दिनों तक हुई भारी बारिश के कारण सड़क निर्माण और बहाली का काम प्रभावित हुआ, जिससे सड़क खोलने में देरी हुई। लाचेन पर्यटन विकास समिति के अध्यक्ष छेवांग लाचेनपा ने बताया कि फंसे हुए पर्यटकों के लिए स्थानीय होटलों में भोजन और ठहरने की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। पर्यटकों की सुविधा के लिए जुम्सा, होटल एसोसिएशन, एलटीडीसी, सिक्किम पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए मोबाइल नेटवर्क और संचार की अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा फिलहाल किसी गंभीर असुविधा की सूचना नहीं है। सड़क संपर्क बहाल करने के लिए भी बीआरओ लगातार काम कर रहा है। एसडीएम अरुण छेत्री ने बताया कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से क्षेत्र में सड़क संपर्क और अन्य पर्यटन सुविधाओं के पूरी तरह उपलब्ध होने की उम्मीद है। बीआरओ भी सड़क संपर्क बहाल करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
प्रशासन ने दोहराया है कि लाचेन में फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित रूप से गंगटोक वापस लाने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है। पिछले तीन दिनों से जारी बारिश के कारण सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन की घटनाओं से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।