इस्लामपुर थाना  
सिलीगुड़ी

मानव तस्करी का भंडाफोड़, 41 युवतियां व नाबालिगों को बचाया गया , 6 गिरफ्तार

 इस्लामपुर : इस्लामपुर पुलिस जिले ने मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन दिनों के भीतर 41 युवतियों व नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। इनमें 39 नाबालिग और दो बालिग युवतियां शामिल हैं। इस मामले में मानव तस्करी गिरोह से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 3 जुलाई को इस्लामपुर शहर के चंपाबाग रेड लाइट क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान 17 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया था। उस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जांच के आधार पर 5 जुलाई को जिले के विभिन्न इलाकों में एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें 22 और नाबालिग लड़कियों तथा दो बालिग युवतियों को सुरक्षित निकाला गया। इस कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में गिरोह के सक्रिय नेटवर्क के अहम सुराग मिले, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मानव तस्करी गिरोह के सदस्य इन युवतियों और नाबालिग लड़कियों को नौकरी, बेहतर भविष्य और अन्य तरह के प्रलोभन देकर यहां लाए थे। मुक्त कराई गई लड़कियों के घर बिहार, गुजरात, असम, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हैं। पुलिस उनकी पहचान का सत्यापन कर परिजनों से संपर्क करने के साथ-साथ गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान के दौरान एक सक्रिय मानव तस्करी गिरोह के नेटवर्क के महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। सभी मुक्त कराई गई युवतियों और नाबालिग लड़कियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुरक्षित शेल्टर होम भेजने की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मानव तस्करी के खिलाफ इस्लामपुर पुलिस जिले का विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT