इस्लामपुर : रात के अंधेरे में चाय बागान में घुस कर करीब 40 यूकेलिप्टस के पेड़ काटे जाने का आरोप सामने आया है। घटना चोपड़ा थाना क्षेत्र की दासपाड़ा ग्राम पंचायत के तिलकगाछ गांव की है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि मंगलवार की रात तिलकगाछ निवासी तथा पंचायत सदस्य अमीजुद्दीन के चाय बागान में अज्ञात लोग घुस गए और वहां लगे करीब 40 यूकेलिप्टस के पेड़ काट दिए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद बागान मालिक अमीजुद्दीन ने चोपड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने पुलिस से घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अमीजुद्दीन का आरोप है कि इलाके में कुछ असामाजिक तत्व सक्रिय हैं, जो कथित तौर पर रात के समय नशे की हालत में इस तरह की गतिविधियों को अंजाम देते हैं। उनका दावा है कि पूर्व में भी कुछ लोगों के खिलाफ पेड़ काटने समेत विभिन्न आरोपों में मामले दर्ज हुए हैं और कुछ आरोपी जेल भी जा चुके हैं। हालांकि, उन्होंने इस घटना में किसी व्यक्ति का नाम लेकर आरोप नहीं लगाया है।
बागान मालिक ने यह भी बताया कि हाल ही में एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर धमकी दी थी। अमीजुद्दीन के अनुसार, हाउसिंग स्कीम के सर्वे से उसका नाम हटाए जाने को लेकर फोन पर धमकी दी गई थी। उन्होंने आशंका जताई है कि कहीं उस धमकी का इस पेड़ काटने की घटना से कोई संबंध तो नहीं है। हालांकि, पुलिस में दर्ज लिखित शिकायत में उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम नहीं दिया है। अमीजुद्दीन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।