मिरिक: 35वीं अंतरराष्ट्रीय हिमालयन रन एंड ट्रेक प्रतियोगिता गुरुवार को दार्जिलिंग के मानेभंज्यांग से शुरू हुई। ठंड के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जीटीए पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक सूरज प्रधान ने हरी झंडी दिखाकर किया।
प्रतियोगिता के रेस डायरेक्टर सी.एस. पांडे ने बताया कि इस वर्ष महिला वर्ग में मैत्री मनराल सबसे कम उम्र की, जबकि पुष्पा राव सबसे अधिक उम्र की प्रतिभागी हैं। वहीं, पुरुष वर्ग में बिली सिमंड्स सबसे कम उम्र के और क्रिश्चियन सिबेकिंग सबसे अधिक उम्र के प्रतिभागी हैं।
प्रतियोगिता के दौरान धावक सिंगालीला नेशनल पार्क के हिमालयी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गम रास्तों और गांवों से गुजरते हुए 100 मील की दूरी तय करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय लोगों में पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है। यह प्रतियोगिता 2 नवंबर को संपन्न होगी।
गौरतलब है कि रेस डायरेक्टर सी.एस. पांडे ने वर्ष 1991 में दार्जिलिंग के सिंगालीला नेशनल पार्क के संरक्षण और इस क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता की शुरुआत की थी।