सिलीगुड़ी

भारत-नेपाल सीमा पर 300 पैकेट प्रतिबंधित पटाखे जब्त, एक गिरफ्तार

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी

दिवाली से पहले प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की पानीटंकी पुलिस चौकी ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पानीटंकी में एक गोदाम से 300 पैकेट प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए हैं। इस मामले में पटाखा कारोबारी विकास आचार्य को गिरफ्तार किया गया है। जब्त पटाखों की अनुमानित बाजार कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पानीटंकी पुलिस चौकी की टीम ने पहले कारोबारी की दुकान पर छापेमारी की। इसके बाद पुलिस ने उसके गोदाम की तलाशी ली, जहां से प्रतिबंधित पटाखों के 300 पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित को गुरुवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। दिवाली के मद्देनजर प्रतिबंधित पटाखों की खरीद-बिक्री पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि त्योहार के दौरान इस तरह की अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

SCROLL FOR NEXT