The grieving mother shows the poster of her missing son. 
सिलीगुड़ी

3 महीने गुजर गए, नहीं मिल पा रहा ईशान गुरुंग का सुराग

-गत 23 अगस्त को सेवक के 10 माइल वन ग्राम क्षेत्र में एम्बुलेंस से कुछ अपराधी आए और 14 वर्षीय ईशान गुरुंग को उठा ले चले गए - परिवार गहरे सदमे में, उपयोगी जानकारी देने वाले को 2,00,000 रुपये इनाम की भी पुलिस ने कर रखी है घोषणा

सिलीगुड़ी ः 23 अगस्त 2025 को शहर से थोड़ी दूर सेवक के 10 माइल वन ग्राम के पास से 14 वर्षीय ईशान गुरुंग को उठा लिया गया था। एम्बुलेंस से कुछ अपराधी आए और उसे उठा ले चले गए। इस मामले के 3 महीने गुजर जाने के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग ही नहीं मिल पा रहा है। इसे लेकर उसके परिवार में गहरी चिंता घर कर गई है। वे गहरे सदमे में हैं। वहीं, परिवार से लेकर आम लोगों में खासा रोष व्याप्त है।

ईशान को उठा लिए जाने के 3 महीने बाद भी उसका कोई भी सुराग नहीं मिल पाने को लेकर उसके पिता किशोर गुरुंग व मां सुनीता घाले समेत पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस प्रशासन भी चिंतित है। इसे लेकर दार्जिलिंग जिला पुलिस ने उसके बारे में उपयोगी जानकारी देने वाले को 2,00,000 रुपये इनाम दिए जाने की घोषणा भी कर रखी है। किसी के भी पास उससे संबंधित कोई उपयोगी जानकारी हाे तो वह पुलिस को पुलिस द्वारा जारी किए मोबाइल नंबर 97333-00575 व 91478-89058 पर दे सकता है।

इस मामले को लेकर दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू बिष्ट मुख्यमंत्री ममता बनर्जी काे भी चिट्ठी लिख चुके हैं। वह कह चुके हैं कि, दिनदहाड़े सार्वजनिक जगह से लोगों के सामने अपराधी बच्चे को उठा ले जाएं, यह अत्यंत चिंतनीय है। इस मामले में पुलिस प्रशासन की बेहद धीमी प्रतिक्रिया के कारण लोगों में आक्रोश है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई जरूरी है। तृणमूल शासन में महत्वपूर्ण 'चिकेन नेक' क्षेत्र में अपराध काफी बढ़ रहे हैं, फिर भी पश्चिम बंगाल सरकार ने आंखें मूंद रखी हैं। पश्चिम बंगाल सरकार सो रही है।

SCROLL FOR NEXT