सिलीगुड़ी

265 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : माटीगाड़ा थाना अंतर्गत शिवमंदिर इलाके में संयुक्त अभियान चलाकर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम ने 265 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मालदा जिले के कालियाचक निवासी तारिकुल शेख के रूप में हुई है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर शिवमंदिर के सारदापल्ली इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में खड़ा देखा। संदेह के आधार पर उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 265 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपित कथित तौर पर मालदा से ब्राउन शुगर लेकर सिलीगुड़ी पहुंचा था। यहां किसी व्यक्ति को मादक पदार्थ की खेप पहुंचाने की योजना थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ किसे सौंपा जाना था और इस पूरे मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बुधवार को उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT