सिलीगुड़ी
डाउन सिलचर-अरुणाई एक्सप्रेस के एसी कोच से करीब 250 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई है। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सिलीगुड़ी गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) जीआरपी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। जब्त मादक पदार्थ 18 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अब्दुल हलीम मजूमदार (31), रहीजा बेगम (28) और खदीजा बेगम लस्कर (32) के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर जीआरपी की एसओजी टीम ने ट्रेन संख्या 15608 डाउन सिलचर-अरुणाई एक्सप्रेस के एसी कोच में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक पुरुष और दो महिलाओं की गतिविधियों पर संदेह होने पर उन्हें हिरासत में लिया गया।
इसके बाद तीनों को एनजेपी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर उतारा गया। उनके सामान की तलाशी लेने पर दो बैग से कुल 18 साबुन के डिब्बे बरामद हुए। जांच करने पर इन डिब्बों के भीतर छिपाकर रखा गया करीब 250 ग्राम ब्राउन शुगर मिला। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों असम से चेन्नई जा रहे थे। पुलिस को संदेह है कि बरामद ब्राउन शुगर की खेप चेन्नई पहुंचाई जानी थी। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जीआरपी उन्हें जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करने की तैयारी कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।