फ्लैट में जांच करती पुलिस  
सिलीगुड़ी

मालदह में दवा कारोबारी के फ्लैट से 2.40 करोड़ नकद और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद

Gayetri Yadav

मालदह: मालदह जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दवा कारोबारी के किराये के फ्लैट और गोदाम से करीब 2 करोड़ 40 लाख 97 हजार 380 रुपये नकद, दो सोने के सिक्के, एक लैपटॉप हार्ड डिस्क तथा लगभग 20.16 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दक्षिण दिनाजपुर जिले में प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी की जांच के दौरान पुलिस को मालदह के इस नेटवर्क की जानकारी मिली। इसके बाद दक्षिण दिनाजपुर और मालदह पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मंगलबाड़ी क्षेत्र के एक फ्लैट और गोदाम में छापेमारी की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंटू सरकार, सुशांत हलदार और गोपाल चाकी के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी पिंटू सरकार के किराये के फ्लैट से भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ, जबकि उसके गोदाम से करीब 9,000 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस का दावा है कि दवा के कारोबार की आड़ में लंबे समय से प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पिछले महीने दक्षिण दिनाजपुर में 1,500 बोतल कफ सिरप की बरामदगी के बाद हुई पूछताछ में इस गिरोह का सुराग मिला था। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा बरामद नकदी का स्रोत क्या है। घटना के बाद मंगलबाड़ी इलाके में सनसनी का माहौल है।

SCROLL FOR NEXT