सिलीगुड़ी

नाका चेकिंग में ट्रक से 22 भैंस के बछड़े बरामद

सिलीगुड़ी: फांसीदेवा में नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 चक्का ट्रक से 22 भैंस के बछड़े को बरामद किया। पशुओं को ले जाने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फांसीदेवा इलाके में नाका चेकिंग के दौरान एक 14 चक्का ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में बड़ी संख्या में भैंस के बच्चे लदे मिले। पुलिस ने चालक से पशुओं को ले जाने से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कथित तौर पर वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पशुओं को कहां से लाया गया था और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही इस मामले में किसी संगठित पशु तस्करी गिरोह की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।सीमावर्ती उत्तर बंगाल के इलाकों में पशुओं से लदे वाहनों की आवाजाही को लेकर पहले भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई सामने आती रही है। ऐसे में इस बरामदगी के बाद एक बार फिर पशुओं की अवैध आवाजाही को लेकर सवाल उठे हैं। पुलिस वाहन और पशुओं से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT