सिलीगुड़ी : बिहारी कल्याण मंच (सिलीगुड़ी) की ओर से हर साल की तरह इस साल भी माध्यमिक परीक्षा देने जा रहे हिंदी स्कूलों के जरूरतमंद विद्यार्थियों को नि:शुल्क मार्गदर्शन भरी शिक्षा देकर बोर्ड परीक्षा की विशेष तैयारी कराई गई। गुरुंग बस्ती स्थित लिट्ल मॉडेलाइट्स स्कूल में गत 45 दिनों तक प्रतिदिन 4 घंटे करके 22 शिक्षकों ने सात हिंदी स्कूलों के 160 विद्यार्थियों का विशेष मार्गदर्शन किया। उक्त बोर्ड परीक्षा तैयारी केंद्र पर रविवार को विद्यार्थियों की विदाई सह उनका मार्गदर्शन कराने वाले शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
शिक्षकों को खादा पहना कर एवं स्मृति पट भेंट कर उनकी इस अतुलनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, विद्यार्थियों को भी एग्जाम किट भेंट कर उन्हें जीवन की पहली बोर्ड परीक्षा में बेहतर से बेहतर परिणाम लाने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस समारोह में अतिथि के रूप में सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष, वार्ड नंबर 5 की पार्षद अनीता महतो, वरिष्ठ शिक्षक सत्येन बनर्जी, देशबंधु हिंदी हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक जेके पांडेय, बिहारी कल्याण मंच की बागडोगरा इकाई के सचिव अम्बुज कुमार राय, पत्रकार इरफान-ए-आजम, अरुणांशु शर्मा व अन्य गणमान्य सम्मिलित हुए। समारोह का सफल संचालन बिहारी कल्याण मंच के सचिव विपिन कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर मंच के चेयरमैन बृजकिशोर प्रसाद, कार्यवाहक अध्यक्ष कर्मवीर ओझा, कोषाध्यक्ष बिनोद जायसवाल, संजय गुप्ता व अन्य कई सम्मिलित रहे।