गंगटोक : दरामदीन विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को संगठनात्मक मजबूती मिली है। रविवार को 11 परिवारों ने भाजपा की विचारधारा, सिद्धांतों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा में शामिल होने वालों में सेवानिवृत्त शिक्षिका इंद्र माया सुब्बा और सेवानिवृत्त उपनिदेशक हरि प्रसाद शंकर सहित नौ अन्य परिवार शामिल हैं। नए सदस्यों का स्वागत भाजपा सिक्किम प्रदेश अध्यक्ष डी.आर. थापा ने किया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव दिनेश चंद्र नेपाल सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष थापा ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और जनसेवा की पृष्ठभूमि से पार्टी के जमीनी स्तर के संगठनात्मक प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।भाजपा सिक्किम के अनुसार, नए सदस्यों का पार्टी में शामिल होना सेवा, सुशासन और विकसित भारत के दृष्टिकोण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण तथा जनसेवा में योगदान देने की नागरिकों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
पार्टी ने कहा कि वह समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने, राज्य में संगठनात्मक उपस्थिति को मजबूत करने तथा सिक्किम के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।