इसमें कुल 2,63,544 उम्मीदवार शामिल हुए थे 
शिक्षा

NEET-PG 2026 का रिजल्ट जारी, श्रेणीवार कट-ऑफ अंक जारी

Goutam Ojha

नई दिल्ली :

राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) ने गुरुवार को NEET-PG 2026 के नतीजे घोषित कर दिए। बोर्ड ने परीक्षा के साथ श्रेणीवार न्यूनतम अर्हता कट-ऑफ भी जारी किया है। सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के उम्मीदवारों के लिए कट-ऑफ 262 अंक यानी 50वां पर्सेंटाइल तय किया गया है। सामान्य श्रेणी के मानक दिव्यांगता (PwD) वाले उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम अर्हता 244 अंक यानी 45वां पर्सेंटाइल है। वहीं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों के लिए कट-ऑफ 226 अंक यानी 40वां पर्सेंटाइल रखा गया है। इन श्रेणियों के मानक दिव्यांगता वाले उम्मीदवार भी इसी कट-ऑफ के दायरे में आएंगे। NBEMS के मुताबिक, राज्य कोटे की सीटों के लिए अंतिम और श्रेणीवार मेरिट सूची संबंधित राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश अपनी पात्रता शर्तों, लागू दिशानिर्देशों और आरक्षण नीति के आधार पर तैयार करेंगे। उम्मीदवारों के व्यक्तिगत स्कोरकार्ड 1 अक्टूबर से NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड किए जा सकेंगे। बोर्ड 1 अक्टूबर या उसके बाद परीक्षा की उत्तर कुंजी भी उपलब्ध कराएगा। इसमें उम्मीदवार प्रश्न आईडी, सही उत्तर की आईडी, अपने द्वारा दिए गए उत्तर और प्रत्येक प्रश्न के लिए प्राप्त अंक देख सकेंगे। NEET-PG 2026 की मुख्य परीक्षा 30 अगस्त को देशभर में आयोजित की गई थी। इसमें कुल 2,63,544 उम्मीदवार शामिल हुए थे। जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराई गई, जिसमें 2,416 उम्मीदवार शामिल हुए थे।
SCROLL FOR NEXT