शिक्षा

WBJEE 2026 : शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा, गणित के पेपर ने बढ़ाई मुश्किलें

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड (WBJEEB) ने दावा किया है, कि रविवार को पूरे राज्य में संयुक्त प्रवेश परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हुई। बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और नकल की कोई रिपोर्ट भी नहीं मिली। हालांकि ज़्यादातर उम्मीदवारों ने गणित के पेपर को लेकर आपत्तियां जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि गणित के प्रश्न अनावश्यक रूप से कठिन और लंबे थे।

कई उम्मीदवार तय समय सीमा के भीतर सभी प्रश्न हल नहीं कर पाए। कई परीक्षार्थियों ने बताया कि गणित के सवालों को हल करने में इतना ज़्यादा समय लगा कि दो घंटे की अवधि व्यावहारिक रूप से अपर्याप्त साबित हुई। इसके विपरीत, उम्मीदवारों को लगा कि भौतिकी और रसायन विज्ञान के पेपर उचित स्तर के थे। बोर्ड ने घोषणा की है, कि इस वर्ष परीक्षा के लिए कुल 1,20,856 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। यह परीक्षा 267 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति देने से पहले, हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टरों का उपयोग करके उनकी कड़ी तलाशी ली गई। परीक्षा केंद्रों के हर दो से चार केंद्रों के समूह (क्लस्टर) के लिए एक रोविंग ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था।

SCROLL FOR NEXT