शिक्षा

11वीं-12वीं शिक्षक भर्ती में 69 पद घटे, नयी वैकेंसी लिस्ट जारी

12,514 से घटकर 12,445 हुई वैकेंसी इंटरव्यू के लिए कैंडिडेट्स लिस्ट और 9वीं और 10वीं के रिजल्ट पब्लिश करने का काम एक साथ जारी

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में 11वीं–12वीं के शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर बदलाव से गुजरी है। शिक्षा विभाग ने एसएससी (स्कूल सर्विस कमीशन) को नई संशोधित वैकेंसी लिस्ट भेजी है, जिसमें भर्ती पदों की संख्या 69 कम कर दी गई है। पहले 12,514 पदों पर नियुक्ति की घोषणा की गई थी, जो घटकर अब 12,445 हो गई है।

7 नवंबर को एसएससी ने 11वीं–12वीं शिक्षक भर्ती परीक्षा के परिणाम जारी किए थे और यह सूचित किया था कि 17 नवंबर से डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हालांकि नियम के अनुसार, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन या इंटरव्यू से कम से कम 15 दिन पहले वैकेंसी की संशोधित सूची जारी होना आवश्यक है। इसी के तहत शिक्षा विभाग ने गुरुवार को संशोधित लिस्ट एसएससी को भेजी।

सूत्रों के अनुसार, पहले भेजी गई 12,514 पदों की सूची के आधार पर परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन विभाग ने समीक्षा के बाद 69 पद कम कर दिए। हालांकि पद क्यों घटे, इस पर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। एसएससी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उम्मीदवारों की सूची रिवाइज्ड वैकेंसी लिस्ट मिलने के बाद ही प्रकाशित की जाएगी। अब जब नई लिस्ट मिल चुकी है, तो आयोग उम्मीदवारों की इंटरव्यू लिस्ट तैयार करने में जुट गया है।

शिक्षा विभाग के सूत्रों का कहना है कि इंटरव्यू के लिए चयनित उम्मीदवारों की सूची तैयार करने का काम और कक्षा 9वीं–10वीं शिक्षक भर्ती परीक्षा के परिणाम प्रकाशित करने की प्रक्रिया समानांतर रूप से चल रही है। एसएससी अधिकारियों का कहना है कि सभी दस्तावेजों व डेटा की सावधानीपूर्वक जांच की जा रही है और प्रयास है कि इंटरव्यू लिस्ट जल्द जारी हो सके।

SCROLL FOR NEXT