शिक्षा

माध्यमिक परीक्षा 2026 के लिए छात्रों के पंजीकरण डेटा का ऑनलाइन सत्यापन शुरू

18 से 25 सितंबर तक छात्र कर सकेंगे जानकारी की जांच और सुधार

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10 के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया की शुरुआत की है। बोर्ड ने वर्ष 2026 की माध्यमिक परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्रों को अपने पंजीकरण डेटा की ऑनलाइन जांच और सुधार का अवसर प्रदान किया है। यह पहल छात्रों की सुविधा और परीक्षा संचालन को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से की गई है।

बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार, छात्र 18 सितंबर से 25 सितंबर 2025 तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने पंजीकरण प्रमाणपत्र की जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि और स्कूल इंडेक्स नंबर की जांच कर सकते हैं। अगर किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो छात्र ऑनलाइन माध्यम से सुधार का अनुरोध दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद, उन्हें 48 घंटे के भीतर संबंधित सुधार से जुड़े दस्तावेज अपने विद्यालय में जमा कराने होंगे।

विद्यालयों की भूमिका इस प्रक्रिया में बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यालय 8 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2025 के बीच छात्रों द्वारा दिए गए सुधार अनुरोधों की जांच और सत्यापन करेंगे। यदि सुधार सही पाए जाते हैं, तो संबंधित दस्तावेजों को बोर्ड कार्यालय में जमा कर दिया जाएगा। साथ ही, किसी भी प्रकार के सुधार के लिए आवश्यक शुल्क का भुगतान भी किया जाएगा।

बोर्ड ने सभी छात्रों और विद्यालयों से इस प्रक्रिया को गंभीरता से लेने की अपील की है, ताकि अंतिम समय में कोई बाधा उत्पन्न न हो। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने डेटा की जांच कर लें और किसी भी त्रुटि को शीघ्र सुधार लें, जिससे वे परीक्षा में बिना किसी अड़चन के सम्मिलित हो सकें।

SCROLL FOR NEXT