सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद ने उच्च माध्यमिक के चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के लिए नया परीक्षा पैटर्न जारी किया है। यह बदलाव प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं में आए कई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। उच्च माध्यमिक के चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होकर 27 फरवरी तक चलेगी। पिछली बार प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं में छात्रों ने समय की कमी और प्रश्नपत्र के स्वरूप को लेकर शिकायतें की थीं। इन बातों को ध्यान में रखते हुए इस बार परीक्षा का प्रश्नपत्र इस प्रकार से तैयार किया गया है कि छात्रों को विकल्पों के आधार पर प्रश्न चुनने का मौका मिलेगा।
चौथे सेमेस्टर की परीक्षा का कुल वेटेज 40 अंक होगा। प्रश्नपत्र में 2 अंकों के 5 ‘शॉर्ट आंसर टाइप’ प्रश्न होंगे, जिनका उत्तर संक्षेप में देना होगा। इसके अलावा, 5 अंकों के 2 प्रश्न और 10 अंकों के 2 वर्णनात्मक प्रश्न भी होंगे। परीक्षा में विकल्प चुनने की व्यवस्था भी की गई है, यानी प्रत्येक प्रश्न के साथ दो और विकल्प प्रश्न दिए जाएंगे। इसका मतलब यह है कि अगर किसी प्रश्न का उत्तर देना हो तो छात्र अपनी पसंद से उन प्रश्नों में से चुन सकता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी प्रश्न का उत्तर देना हो तो उसके विकल्प स्वरूप दो और प्रश्न होंगे। इसी तरह दो प्रश्नों के लिए चार प्रश्न और तीन प्रश्नों के लिए छह प्रश्न विकल्प स्वरूप उपलब्ध रहेंगे।
इस बदलाव का मकसद छात्रों पर परीक्षा के दौरान समय के दबाव को कम करना और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें अधिक स्वतंत्रता देना है। इससे छात्रों को प्रश्नपत्र के स्वरूप को लेकर होने वाली दिक्कतों से निजात मिलेगी और वे अपनी तैयारी के अनुसार सही विकल्प चुन सकेंगे। उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद की इस पहल को छात्रों और अभिभावकों द्वारा सकारात्मक माना जा रहा है। उम्मीद है कि फरवरी में होने वाली चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं नए पैटर्न के तहत सुचारू रूप से संपन्न होंगी।