प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) द्वारा आयोजित 11वीं-12वीं कक्षा के शिक्षक भर्ती परीक्षा की मॉडल उत्तर कुंजी में गंभीर त्रुटियां सामने आने के बाद आयोग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को सुधारात्मक अधिसूचना जारी की। पता चला है कि 7 नवंबर को अपलोड की गई मॉडल उत्तर पुस्तिका में दो विषयों—बंगाली और भूगोल—के कुल तीन प्रश्नों के उत्तर गलत दिए गए थे। इनमें बंगाली का एक और भूगोल के दो प्रश्न शामिल हैं। विशेष रूप से, बंगाली विषय में प्रश्न संख्या 12 का उत्तर मॉडल कुंजी में गलत था। भूगोल में प्रश्न संख्या 6 और प्रश्न संख्या 33 के उत्तर भी त्रुटिपूर्ण पाए गए।
आयोग ने स्पष्ट किया कि ये त्रुटियां विशेषज्ञ समिति की समीक्षा के दौरान सामने आईं। सुधार के बाद अब सही उत्तर इस प्रकार हैं:
बंगाली, प्रश्न 12: सही उत्तर ‘B’
भूगोल, प्रश्न 6: सही उत्तर ‘C’
भूगोल, प्रश्न 33: सही उत्तर ‘C’
एसएससी ने अधिसूचना में कहा कि ये सुधार विशेषज्ञों की सिफारिश पर किए गए हैं और अब परीक्षा परिणाम की प्रक्रिया में इन्हें लागू किया जाएगा। इस घटना से अभ्यर्थियों में शुरू में असमंजस की स्थिति बनी थी, लेकिन आयोग की त्वरित प्रतिक्रिया से पारदर्शिता बरकरार रखने का प्रयास किया गया है। हजारों अभ्यर्थी इस भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें शिक्षक पदों पर चयन होना है। एसएससी ने सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर नवीनतम सुधारित उत्तर कुंजी अवश्य देख लें। यह कदम परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता को बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।