शिक्षा

SSC : जारी हुआ 11वीं-12वीं शिक्षक भर्ती का रिजल्ट

2,46,543 लोगों ने अप्लाई किया और 2,29,606 लोगों ने दी परीक्षा 17 नवंबर से शुरू हो सकता है डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : लंबे इंतजार के बाद कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने 11वीं और 12वीं के लिए शिक्षक भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। आयोग ने यह रिजल्ट परीक्षा के 54 दिन बाद घोषित किया। कैंडिडेट अपना रिजल्ट SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। रिजल्ट के साथ ही अंसार भी जारी किए गए हैं। SSC ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के तहत डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया साक्षात्कार सूची के प्रकाशन के बाद शुरू होगी। 11वीं और 12वीं के लिए भर्ती परीक्षा 14 सितंबर को आयोजित की गई थी। यह परीक्षा राज्य के 478 सेंटर्स पर हुई और कुल 35 विषयों में परीक्षा ली गई। हर विषय में परीक्षा के कुल 60 मार्क्स निर्धारित थे।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 35,726 वैकेंसी थीं, जिनमें हायर सेकेंडरी स्तर पर 12,514 पोस्ट खाली थीं। भर्ती के लिए 2,46,543 लोगों ने आवेदन किया था, जिनमें 3,120 स्पेशलली एबल्ड कैंडिडेट शामिल थे। परीक्षा में कुल 2,29,606 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। SSC सूत्रों के अनुसार, जिन उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, उनकी सूची जल्द ही जारी की जाएगी। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 17 नवंबर से शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही, SSC ने यह भी कहा है कि 9वीं और 10वीं कक्षा के लिए आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा का रिजल्ट भी जल्द ही घोषित किया जाएगा। इस वर्ष 9वीं, 10वीं और 11वीं-12वीं शिक्षक भर्ती में कुल लगभग 5,25,000 उम्मीदवार शामिल हुए थे। कैंडिडेट्स आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर जानकारी देखते रहें और किसी भी अपडेट के लिए सतर्क रहें।

SCROLL FOR NEXT