शिक्षा

प्राइमरी टीचर भर्ती के लिए तीन चरणों में होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

दिसंबर के दूसरे हफ्ते से इंटरव्यू होगा शुरू हर उम्मीदवार का इंटरव्यू होगा रिकॉर्ड डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सेंट्रल लेवल पर

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
पश्चिम बंगाल प्राइमरी एजुकेशन बोर्ड ने प्राइमरी टीचरों की भर्ती के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार कुल 13,421 रिक्त पदों पर नियुक्तियाँ की जानी हैं। भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए बोर्ड ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाने का निर्णय लिया है।

सबसे बड़ा बदलाव डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया में किया गया है। जानकारी के अनुसार, उम्मीदवारों द्वारा गलत या फर्जी दस्तावेज़ जमा करने की संभावना को खत्म करने के उद्देश्य से बोर्ड तीन चरणों में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करेगा। यह पूरा कार्य सेंट्रल लेवल पर होगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न बचे।

भर्ती प्रक्रिया का दूसरा अहम हिस्सा इंटरव्यू है, जिसकी शुरुआत दिसंबर के दूसरे सप्ताह से होने जा रही है। बोर्ड ने इंटरव्यू प्रक्रिया के दौरान भी पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की है। हर उम्मीदवार के इंटरव्यू की अलग से वीडियोग्राफी की जाएगी। इससे इंटरव्यू बोर्ड के सदस्यों पर किसी तरह के बाहरी दबाव या पक्षपात की संभावना कम होगी।

साथ ही, इंटरव्यू में अंक देने वाले विशेषज्ञ एक-दूसरे के अंकों से अनभिज्ञ रहेंगे। प्रत्येक सदस्य द्वारा दिए गए अंक सीधे सर्वर पर अपलोड होंगे। इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित होगा कि किसी भी स्तर पर मानवीय हस्तक्षेप या प्रभाव का अवसर न बचे।

बोर्ड ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया जारी है और 9 दिसंबर रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद उम्मीदवारों के दस्तावेज़ों की जाँच कर इंटरव्यू की अंतिम तिथि घोषित की जाएगी। बोर्ड का मानना है कि इन नई व्यवस्थाओं से प्राइमरी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय, पारदर्शी और निष्पक्ष बनेगी, जिससे योग्य उम्मीदवारों को सही अवसर मिल सकेगा।

SCROLL FOR NEXT