शिक्षा

मुख्यमंत्री की सोशल मीडिया पेज की वॉल पर अपनी मांगें लिखेंगे पैरा शिक्षक

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पार्ट टाइम कांट्रैक्चुअल टीचर्स के एक मंच 'पैरा-टीचर्स ओइक्यो मंच' ने बुधवार को घोषणा की कि वे वेतनमान में वृद्धि की अपनी मांगें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज की वॉल पर पोस्ट करेंगे। पैरा-टीचर्स के प्रतिनिधि शीर्ष मंच के संयोजक भागीरथ घोष ने एक बयान में कहा कि एक 'पैरा शिक्षक' को प्राथमिक स्तर पर 10,000 रुपये और उच्च प्राथमिक स्तर पर 13,000 रुपये मिलते हैं, जिससे ऐसे परिवार का भरण-पोषण करना असंभव है। उन्होंने कहा कि वे वेतनमान में वृद्धि की अपनी मांगें मुख्यमंत्री के फेसबुक पेज की वॉल पर लिखेंगे। उन्होंने कहा कि बुधवार से शुक्रवार तक हम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के फेसबुक पेज पर लिखेंगे, जो हमारी जायज मांगों पर जरूर विचार करेंगी। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के सदस्य मुख्यमंत्री से अनुरोध करेंगे कि वे उनकी मांगों पर "मानवीय दृष्टिकोण" से विचार करें। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में कई प्रदर्शनों, धरनों और अनशन के बाद भी 7 सालों से हमारे वेतन में कोई वृद्धि नहीं हुई है। स्कूल शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि सरकार उनकी मांगों के प्रति सहानुभूति रखती है, लेकिन उनके काम की प्रकृति को देखते हुए भत्ते में बढ़ोतरी की गुंजाइश कम है।

SCROLL FOR NEXT