शिक्षा

माध्यमिक परीक्षा में AI से चीटिंग, छात्रों की परीक्षा रद्द

ज्योग्राफी की परीक्षा के दौरान कई केंद्रों से पकड़े गये छात्र

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : इस बार की माध्यमिक परीक्षा में छात्रों को नये सिरे से चीटिंग करते देखा जा रहा है। इस साल चीटिंग के मामले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल देखा जा रहा है। ऐसा माध्यमिक बोर्ड की ओर से बताया गया है। इस साल अब तक कुल 31 कैंडिडेट्स के पास से मोबाइल फोन पकड़े जाने से उनकी परीक्षा कैंसिल कर दी गई है। इसी क्रम में बोर्ड की ओर से बताया गया है कि शनिवार को ज्योग्राफी की परीक्षा के दौरान विभिन्न सेंटर्स से कुल 12 मोबाइल फोन पकड़े जाने का मामला सामने आया है।

इनमें 4 कोलकाता, 1 नॉर्थ 24 परगना, 1 पूर्व मेदिनीपुर, 1 हुगली, 1 बांकुड़ा, 2 कूचबिहार, बीरभूम और 1 पश्चिम बर्दवान के छात्र शामिल हैं। नियमों के अनुसार सभी छात्रों की परीक्षा रद्द कर दी गई है। शनिवार काे परीक्षा केंद्रों के दौरे पर पहुंचे बोर्ड प्रेसिडेंट रामानुज गंगोपाध्याय ने बताया कि परीक्षा अब तक बहुत अच्छी चल रही है। सभी केंद्रों पर सतर्कता के साथ परीक्षाएं हो रही हैं। मैंने छात्रों से बात की और मैंने देखा कि वे खुश हैं। प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों ने भी कहा कि व्यवस्थाएं अच्छी चल रही हैं। वहीं बैन होने के बावजूद कुछ कैंडिडेट्स के मोबाइल फोन लेकर एग्जाम सेंटर में घुसने के बारे में उन्होंने कहा कि ऐसे कैंडिडेट्स की संख्या बहुत कम है। बार-बार अवेयर किया जा रहा है। लेकिन, जो लोग नहीं मानेंगे, उनकी पूरी परीक्षा कैंसिल कर दी जाएगी।

SCROLL FOR NEXT