शिक्षा

जेयू और सीयू में पत्रकारिता प्रवेश की तिथियों में टकराव से छात्र परेशान

काउंसलिंग और परीक्षा दोनों 20 सितंबर को, समाधान की मांग

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) और कोलकाता विश्वविद्यालय (सीयू) में पत्रकारिता स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोनों विश्वविद्यालयों ने अपने-अपने कार्यक्रमों के लिए 20 सितंबर की तिथि तय की है, जिससे छात्रों के समक्ष गंभीर द्विविधा उत्पन्न हो गई है।

जेयू ने पहले ही पत्रकारिता विभाग में स्नातकोत्तर प्रवेश के लिए 20 सितंबर को प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की घोषणा कर दी थी। छात्रों ने इसके अनुसार अपनी तैयारी और योजना बना ली थी। लेकिन अब सीयू ने इसी दिन पत्रकारिता विभाग की काउंसलिंग की तिथि घोषित कर दी है। मंगलवार रात सीयू की ओर से जारी विषय-आधारित नोटिस में यह स्पष्ट किया गया कि पत्रकारिता विभाग की काउंसलिंग 20 सितंबर को ही होगी। इससे वे छात्र जो दोनों विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन कर चुके हैं, असमंजस और तनाव की स्थिति में आ गए हैं।

छात्रों ने इस टकराव के बारे में विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। सीयू के रजिस्ट्रार देबाशीष दास को इस संदर्भ में अवगत कराया गया है। छात्रों की मांग है कि सीयू पत्रकारिता विभाग की काउंसलिंग की तिथि को बदलकर 19 या 21 सितंबर कर दे, ताकि वे जेयू की परीक्षा में बिना किसी बाधा के सम्मिलित हो सकें।

हालांकि, सीयू प्रशासन की ओर से अब तक इस मुद्दे पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया या संशोधित अधिसूचना जारी नहीं की गई है। छात्र उम्मीद कर रहे हैं कि शीघ्र ही कोई सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे उनकी मेहनत व्यर्थ न जाए और उन्हें दोनों अवसरों में भाग लेने का बराबरी का मौका मिले।

SCROLL FOR NEXT