प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जीवन में कोई बड़ा और महत्वपूर्ण काम करते समय उत्साह और घबराहट दोनों का होना स्वाभाविक है। ऐसा ही कुछ हाल परीक्षार्थियों के चेहरे पर परीक्षा केंद्र के बाहर दिखा। गुरुवार, को उच्च माध्यमिक के चौथे और आखिरी सेेमेस्टर की परीक्षा शुरू हो गयी। इसके साथ ही इस दिन सेमेस्टर-3 की सप्लीमेंट्री और ओल्ड सिस्टम की उच्च माध्यमिक परीक्षा भी शुरू हुई। परीक्षा केंद्र के बाहर कुछ परीक्षार्थियों के चेहरों पर घबराहट थी, तो कुछ के चेहरे आत्मविश्वास से भरे थे। उनलोगों का कहना था कि परीक्षा के आखिरी मिनट बचे हैं, थोड़ा नर्वस हूं कि प्रश्न कैसा होगा, मगर उन्होंने पूरी तैयारी की है, तो उम्मीद है कि परीक्षा अच्छी रहेगी। परीक्षा केंद्र के बाहर कई परीक्षार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी उन्हें प्रोत्साहन देने के लिए पहुंचे थे। पहले दिन फर्स्ट लैंग्वेज की परीक्षा थी। इस दिन सन्मार्ग की टीम ने माहेश्वरी बालिका विद्यालय, मारवाड़ी बालिका विद्यालय व अन्य स्कूलों का दौरा किया, तो देखा कि परीक्षा से पहले परीक्षार्थी आखिरी मिनट की तैयारियों में लगे हुए थे। कोई इंपॉर्टेंट टॉपिक्स, तो कोई नोटबुक लेकर रिविजन करने में लगा हुआ था।
केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
केंद्र में परीक्षार्थियों को पूरी चेकिंग के बाद प्रवेश करने दिया जा रहा था। सेेमेस्टर-4 की परीक्षा का समय सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक था, मगर परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे के बाद प्रवेश करने की अनुमति दे दी गयी थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस यह पक्का कर रही थी कि कोई भी मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर परीक्षा केंद्र में न घुसे। इस दौरान श्री जैन विद्यालय में परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों का पुलिस अधिकारियों ने गुलाब देकर उत्साहवर्द्धन किया।