सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हायर सेकेंडरी की गणित परीक्षा में इस बार छात्रों को पहली बार OMR शीट पर उत्तर देने का अनुभव हुआ। परीक्षा का कुल समय 1 घंटा 15 मिनट रखा गया, जिसमें छात्रों को 35 से 40 प्रश्नों का उत्तर देना था। हालांकि प्रश्नों का स्तर आसान बताया गया, लेकिन समय की कमी और गणितीय हल के लिए जगह की अनुपलब्धता ने छात्रों को चिंता में डाल दिया।
शुक्रवार को परीक्षा देने के बाद कई छात्रों ने शिकायत की कि वे सभी प्रश्नों के उत्तर निर्धारित समय में नहीं दे सके। उनका कहना था कि प्रश्नों की संख्या और गणना की प्रक्रिया के लिए मिला समय पर्याप्त नहीं था। साथ ही, OMR उत्तर पत्रक में गणना या ड्राफ्ट के लिए कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं थी, जिससे उत्तर देने में देरी हुई।
उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद ने भी माना कि प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत लंबा था और छात्रों को समय के भीतर सभी उत्तर देना कठिन हो गया। संसद के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “इतने कम समय में इतने अधिक प्रश्नों को हल करना वास्तव में चुनौतीपूर्ण है।” उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि परीक्षा देने के लिए अधिक स्थान और समय की जरूरत थी।
संसद के अध्यक्ष चिरंजीव भट्टाचार्य ने कहा, “हम सभी छात्रों को आश्वस्त करते हैं कि मूल्यांकन प्रक्रिया में उनके हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि परीक्षा समाप्त होने के बाद एक आंतरिक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी जिसमें यह मूल्यांकन किया जाएगा कि क्या प्रश्न दिशानिर्देशों के अनुरूप थे।
सूत्रों के अनुसार, पूजा के बाद शिक्षा संसद और परीक्षा समिति की एक संयुक्त बैठक होगी, जिसमें यह तय किया जाएगा कि भविष्य में परीक्षा समय को बढ़ाया जाए या अन्य व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए।