प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : उच्च माध्यमिक की परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों के तौर पर चुने गये स्कूलों में तैयारियां चल रही हैं। विभिन्न स्कूलों में सिक्योरिटी अरेंजमेंट से लेकर सीटिंग अरेंजमेंट तक, हर ओर बारीकी से ध्यान दिया जा रहा है। इस बारे में स्कूल मैनेजमेंट का कहना है कि बोर्ड के नियमों और गाइडलाइन्स के अनुसार सभी कदम उठाये जा रहे हैं। परीक्षा अनुशासन के साथ और सुचारु रूप से संपन्न हो, इसके लिए पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था भी की जा रही है। माध्यमिक परीक्षा चल रही है और गुरुवार से उच्च माध्यमिक की परीक्षा शुरू होने वाली है, इसी दौरान SIR का काम भी चल रहा है। ऐसे में ज्यादातर शिक्षक BLO के काम में लगे हुए हैं, तो जिन केंद्रों पर शिक्षकों की कमी है, वहां नॉन वेन्यू सेंटर्स से शिक्षकों काे नियुक्त किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सेकेंडरी और प्राइमरी लेवल के शिक्षकों को परीक्षा की जिम्मेदारी दी जाएगी।
1 क्लास में 20 से 25 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था
स्कूल मैनेजमेंट की ओर से बताया गया है कि हर क्लास में 20 से 25 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गयी है। वहीं शिक्षकों की बात करें, तो हर क्लास में 2 शिक्षक निगरानी में रहेंगे। एक बेंच पर 1 या ज्यादा से ज्यादा 2 परीक्षार्थी ही बैठ सकेंगे, इस प्रकार सीटिंग अरेंजमेंट की गयी है। हालांकि स्कूलों में परीक्षा की पूरी तैयारी नहीं हुई है, मगर स्कूल मैनेजमेंट के अनुसार सभी शिक्षक व स्टाफ काम में लगे हुए हैं।
क्या कहना है स्कूल मैनेजमेंट का?
श्री जैन विद्यालय के प्रिंसिपल संजय पाण्डे ने बताया कि उनके स्कूल में 4 विद्यालयों से कुल 418 स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे, जिनमें सेमेस्टर-3 की सप्लीमेंट्री के 40 स्टूडेंट्स, ओल्ड सिस्टम के 54 स्टूडेंट्स और सेमेस्टर-4 के 364 स्टूडेंट्स हैं। परीक्षा से पहले स्टूडेंट्स को एग्जाम हॉल में क्या ले जाने की अनुमति है, इसके बारे में बताया जाएगा और पूरी चेकिंग के साथ उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। द कलकत्ता एंग्लो गुजराती स्कूल के माध्यमिक व उच्च माध्यमिक के एचओडी जयदीप मुखर्जी ने बताया कि 3 स्कूलों से लगभग 250 स्टूडेंट्स यहां परीक्षा देंगे। पूरी तरह चेकिंग करने के बाद स्टूडेंट्स को प्रवेश करने दिया जाएगा। काउंसिल की गाइडलाइन्स के मुताबिक सभी कदम उठाये जा रहे हैं।