शिक्षा

शहर के स्कूलों में छाया होली का रंग

फूलों व हर्बल रंगों संग मनाया जा रहा उत्सव

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : होली का रंग शहर के विभिन्न स्कूलों में पूरे उल्लास और उत्साह के साथ देखने को मिल रहा है। होली का पर्व नजदीक आते ही विद्यालयों में पहले से ही रंगारंग कार्यक्रमों की धूम शुरू हो गई है। शहर के कई स्कूलों में होली से पूर्व विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कई विद्यालयों में होली उत्सव पहले ही मनाया जा चुका है, जबकि कुछ स्कूलों में आज और आने वाले दिनों में कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कई विद्यालयों में ‘फूलों की होली’ का आयोजन किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर हर्बल रंगों से होली खेलने की व्यवस्था की गई है। स्कूल प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि सभी कार्यक्रमों को अनुशासन और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए विशेष सावधानी बरती जा रही है।

क्या कहा स्कूल के प्रिंसिपलों ने?

श्री शिक्षायतन स्कूल की प्रिंसिपल संगीता टंडन ने बताया कि स्कूल में 2 मार्च को होली के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें स्कूल के सभी टीचर, स्टाफ और हायर अथॉरिटी मौजूद रहेंगे। सभी लोग हर्बल रंग से होली खेलेंगे। डी.पी.एस हावड़ा की प्रिंसिपल सुनीता अरोड़ा ने बताया कि 27 फरवरी को हाेली को लेकर स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें स्कूल के सभी टीचर, स्टाफ व बच्चे शामिल थे। इस मौके पर नर्सरी से लेकर कक्षा 2 तक के छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की। सभी लोगों ने फूलों की होली खेली। हालांकि सोमवार यानी 2 मार्च को एक बार फिर होली को लेकर स्कूल में छोटा कार्यक्रम आयोजित होने वाला है।

SCROLL FOR NEXT