प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सेंट्रल फोर्स की कंपनियां पहुंच गई हैं। आमतौर पर सेंट्रल फोर्स के ठहरने की व्यवस्था कॉलेजों और स्कूलों में की जाती है। उसी अनुसार चुनाव आयोग के निर्देश पर कॉलेजों और स्कूलों में व्यवस्था की गई है। पता चला है कि सीयू की तरफ से भी इस संदर्भ में अलग-अलग कॉलेजों को एग्जाम के साथ ही सेंट्रल फोर्स के रहने का इंतजाम करने को लेकर पत्र भेजा गया है। बता दें कि इस दौरान कई परीक्षाएं भी होने वाली हैं। ऐसे में कॉलेज मैनेजमेंट का कहना है कि ज़्यादातर कॉलेजों में जगह की कमी है। इस वजह से उन्हें सेंट्रल फोर्स के रहने का इंतजाम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई कॉलेजों में सेंट्रल फोर्स ने परीक्षाएं शुरू होने से पहले ही परिसर पर कब्जा करना शुरू कर दिया है। वहीं कुछ काॅलेजों में सेंट्रल फोर्स के रहने की तैयारी कर ली गई है, मगर यहां अभी तक सेंट्रल फोर्स नहीं पहुंची है।
सीयू के सामने एक बड़ी चुनौती
सीयू के वीसी आशुतोष घोष ने बताया कि BA, BSc और BCom (ऑनर्स और मेजर) के पहले सेमेस्टर की परीक्षा, जो 23 अप्रैल को निर्धारित है, वह वोटिंग की तारीख से मेल खा रहा है। इस वजह से इसकी तारीख में बदलाव किया जाएगा। पहले सेमेस्टर के BA, BSc और BCom (ऑनर्स और मेजर) की परीक्षाएं 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक होनी हैं। हालांकि कुछ कॉलेजों की ओर से कहा गया है कि 22, 23 और 24 अप्रैल को परीक्षा के दिन के तौर पर तय किया गया है, लेकिन इस बात की बहुत ज्यादा संभावना है कि इन तारीखों पर परीक्षा आयोजित करने में परेशानी होगी।
क्या कहा काॅलेज के प्रिंसिपल ने?
आनंद मोहन कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. देबर्षि भट्टाचार्य ने कहा कि निर्देश के अनुसार सेंट्रल फोर्स के ठहराव की व्यवस्था कर ली गई है, मगर अभी तक काॅलेज परिसर में सेंट्रल फोर्स ने रहना शुरू नहीं किया है। हालांकि काॅलेज में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं और कुछ विषयों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं अभी बाकी हैं। योगेश चंद्र चौधरी कॉलेज के प्रिंसिपल पंकज कुमार रॉय ने कहा कि एग्जाम और चुनाव दोनों जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि सेंट्रल फोर्स के रहने का इंतजाम कॉलेज की न्यू बिल्डिंग में किया गया है और परीक्षाएं पुरानी बिल्डिंग में आयोजित की जाएंगी।