शिक्षा

छुट्टी काे लेकर फिर विवादों में सीयू! विश्वकर्मा पूजा पर भी खुला रहा विश्वविद्यालय

राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी कर अवकाश की घोषणा की थी शांता डे ने कहा, अधिसूचना नहीं भेजी गई थी रजिस्ट्रार को

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : छुट्टी को लेकर सीयू एक बार फिर विवादों में है। राज्य सरकार द्वारा विश्वकर्मा पूजा पर 17 सितंबर को छुट्टी घोषित की जाने के बावजूद सीयू खुला रहा। कुलपति ने विश्वकर्मा पूजा पर छुट्टी की अनुमति नहीं दी। हाल ही में राज्य सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर बुधवार, 17 सितंबर को सरकारी अवकाश घोषित किया था। इसका मतलब है कि उस दिन राज्य के स्कूल और उच्च शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे, लेकिन इस सरकारी अधिसूचना की अनदेखी करते हुए कार्यवाहक कुलपति शांता दत्ता डे ने विश्वकर्मा पूजा के दिन विश्वविद्यालय को खुला रखने का फैसला किया। इतना ही नहीं, स्नातकोत्तर प्रवेश के दूसरे चरण के लिए काउंसलिंग भी बुधवार को आयोजित की गई। विश्वविद्यालय की कार्यवाहक कुलपति शांता डे ने कहा कि विश्वविद्यालय में कभी छुट्टी नहीं रही। वित्त विभाग और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रकाशित अधिसूचना विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को नहीं भेजी गई थी। वित्त विभाग के समन्वय से जादवपुर, रवींद्र भारती, प्रेसीडेंसी जैसे विभिन्न स्वायत्त निकाय या स्वायत्त विश्वविद्यालय अपने दिशानिर्देश जारी करते हैं, मगर कलकत्ता विश्वविद्यालय इसका अपवाद है। जानकारी के अनुसार यह अवकाश पहले से ही सरकारी कैलेंडर में था, लेकिन बुधवार को स्नातकोत्तर काउंसलिंग का दूसरा चरण आयोजित किया गया, जिसमें व्यावहारिक रूप से इसकी अनदेखी की गई। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की।

SCROLL FOR NEXT