प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : छह साल के बाद कलकत्ता विश्वविद्यालय 23 मार्च को अपना दीक्षांत समारोह आयोजित करने जा रहा है। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के सेंटेनरी हॉल में होना तय है, जो कॉलेज स्ट्रीट कैंपस के अंदर स्थित है। हालांकि, अधिकारियों ने कार्यक्रम के समय में बदलाव किया है। यह समारोह, इस दिन दोपहर 12:30 बजे शुरू होने वाला था, जो अब यह सुबह 11 बजे शुरू होगा। सीयू के वीसी आशुतोष घोष ने बताया कि इस मौके पर बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि भी मौजूद रहेंगे। वह सभी छात्रों को व्यक्तिगत रूप से डिग्री प्रदान करेंगे। जानकारी के अनुसार इस वर्ष, 1,106 शोधकर्ताओं को PhD प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, एक व्यक्ति को D.Sc. की डिग्री मिलेगी, जबकि दो अन्य को D.Lit. की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। जानकारी के अनुसार इस वर्ष, D.Sc. की डिग्री वैज्ञानिक विजय पांडुरंग भटकर को प्रदान की जाएगी, जो नालंदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं। D.Lit. की डिग्रियां कवि रंजीत दास और शिक्षाविद फादर थॉमस को प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय, रवींद्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद समेत अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम पर रखे गए विभिन्न अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
सामान्य दैनिक कार्य रहेगा स्थगित
दीक्षांत समारोह को लेकर इस दिन कॉलेज स्ट्रीट कैंपस के सभी कार्यालयों और विभागों के सामान्य दैनिक कार्य को स्थगित किया गया है। हालांकि परीक्षा नियंत्रक और अन्य आवश्यक विभागों के काम जारी रहेंगे। इस संबंध में सीयू की वेबसाइट पर जानकारी दी गई है। इस दिन परिसर में केवल आमंत्रित व्यक्तियों और पुरस्कार विजेताओं को ही प्रवेश की अनुमति होगी।