चुस्त और फिट शरीर देखने में तो अच्छा लगता है पर फिट शरीर वाला व्यक्ति मानसिक रूप से इतना संतुष्ट और शांत लगता है कि देखने वाले को मज़ा आ जाता है। आप भी रह सकते हैं चुस्त और फिट कुछ सावधानियां बरता करें ।
नियंत्रित करें अपने भोजन कोः-
संतुलित और पौष्टिक भोजन ही लें। भूख से अधिक न खाएं। दिन में दो कटोरी दाल, हरी सब्जी और दही अवश्य लें। शाकाहारी लोगों को अपने भोजन में ताजे फल इडली, डोसा, कार्नफ्लेक्स, दलिया, दूध और दही को विशेष स्थान देना चाहिए। सैन्डविच में अधिक से अधिक कच्ची सब्जियां डाल कर खायें। ब्रेड में आटे की ब्रेड का प्रयोग करें। चोकरयुक्त आटे का प्रयोग करें। बिना समय के स्नैक्स को ‘न‘ कहना भी सीखें। अधिक नमक व मीठे का सेवन न करें।
व्यायामः-
व्यायाम स्वस्थ रहने की कुंजी है। शरीर की चुस्ती फुरती के लिए प्रतिदिन थोड़ा समय निकालकर व्यायाम ज़रूर करें। प्रातः कम से कम 25-30 मिनट की तेज सैर करें। यदि सैर पर न जा सकें तो घर पर व्यायाम करें। वैसे जिम में जाने से व्यायाम नियमित होता है और आप अनुशासित भी रहते हैं। यदि जिम जाना मुमकिन न हो तो व्यायाम के लिए निश्चित समय रखें ताकि उस समय कोई और काम न करके व्यायाम ही करें।
चाय, कॉफी और ठंडे पेय का सेवन कम करें:-
अधिकतर हम सब दिन में कई बार चाय, कॉफी का सेवन कर लेते हैं जो शरीर को कोई विशेष लाभ न पहुंचाकर हानि ही पहुंचाती है। गर्मियों में बिना ज़रूरत के ठंडे पेय पीते हैं। वे भी शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं। बहुत इच्छा होने पर एक कप चाय सुबह और एक कप चाय शाम को लें। इससे चाय की हुड़क कम हो जायेगी। गर्मियों में सॉफ्ट ड्रिंक्स के स्थान पर नींबू पानी, लस्सी और ताजे फलों का रस लें। बीच में कुछ पीने की इच्छा करती हो तो पानी पीकर ही गुजारा करें।
पानी अधिक पीएं-
पानी का सेवन शरीर और त्वचा दोनों के लिए अच्छा होता है। कम से कम तीन लिटर पानी अवश्य पीएं।
पानी पीने से ताजगी महसूस होती है। पानी शरीर के जहरीले पदार्थो को पसीने और पेशाब के रूप में बाहर निकालता है। इससे हम कई बीमारियों से बचे रह सकते हैं।
पालतू पशु पालें-
घर में एक छोटा पेट होने से सारे दिन की थकान दूर होती है। जानवर निस्वार्थ प्यार दिखाते हैं। उस प्यार के सामने सब तनाव और दिन भर की मेहनत दूर हो जाती है तथा आप ताजगी से भर जाते हैं।
खाली समय में फिश एक्वेरियम में मछलियों के ऊपर नीचे जाते देखने में बड़ा मजा आता है। छोटी रंग बिरंगी चिड़िया, तोता, खरगोश और कुत्ते के साथ भी खेलने में आनन्द की अनुभूति मिलती है। सुदर्शन चौधरी(स्वास्थ्य दर्पण)