डायबिटीज 
संजीवनी

मधुमेह : जागरूकता ही बचाव, संयम ही उपचार

विश्व मधुमेह दिवस 14 नवंबर पर विशेष

Om Prakash Mishra

मधुमेह,शुगर या डायबिटिज या व्यापक रूप में प्रमेह। मधुमेह, आज के समय में दुनिया भर में सबसे तेजी से फैलने वाली गंभीर और दीर्घकालिक बीमारियों में से एक है। यह तब होता है जब शरीर में पर्याप्त इंसुलिन का उत्पादन नहीं होता या शरीर उत्पादित इंसुलिन का प्रभावी ढंग से उपयोग नहीं कर पाता।जिससे रक्त में शुगर यानि ग्लूकोज का स्तर बढ़ जाता है। इस गंभीर बीमारी के प्रति विश्व स्तर पर मधुमेह के प्रति जागरूकता के लिए 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है। विश्व मधुमेह दिवस का महत्व केवल जागरूकता बढ़ाने तक ही सीमित नहीं है। यह लोगों को लक्षणों को पहचानने, जोखिम कारकों को समझने और संभावित गंभीर जटिलताओं से पहले चिकित्सा सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करता है।

भारत दूसरे स्थान पर

मधुमेह की गंभीरता का अंदाजा इस बार चलाया जा सकता है कि समूचे विश्व में चीन पहले स्थान पर है, जहाँ लगभग 148 मिलियन  वयस्क मधुमेह से पीड़ित हैं। भारत इस सूची में दूसरे स्थान पर है, जहां लगभग 9 करोड़ लोग इस बीमारी के साथ जी रहे हैं। इसके बाद अमेरिका, पाकिस्तान और इंडोनेशिया जैसे देशों का स्थान आता है। आबादी के प्रतिशत के हिसाब से पाकिस्तान दुनिया में पहले स्थान पर है, जहाँ वयस्कों में मधुमेह की व्यापकता दर सबसे अधिक लगभग 31प्रतिशत है। इसके बाद मार्शल द्वीप समूह, कुवैत और समोआ जैसे देशों का स्थान आता है। टाइप एक मधुमेह बचपन या किशोरावस्था में होता है, जिसमें शरीर इंसुलिन का उत्पादन बिल्कुल बंद कर देता है। वहीं,टाइप 2 मधुमेह वयस्कों में अधिक आम है।

  ब्लड शुगर की नियमित जांच जरूरी

मधुमेह के कारणों पर गौर करें तो,  यह मुख्य रूप से खराब जीवनशैली, असंतुलित खान-पान, शारीरिक सक्रियता की कमी और मोटापे के कारण होता है। मधुमेह कोई लाइलाज या घबराने वाली बीमारी नहीं है, बशर्ते इसे समय रहते पहचान लिया जाए, तो समय रहते इसका नियंत्रण एवं उपचार संभव है। मधुमेह के खतरे और जटिलताओं के बारे में वरिष्ठ विशेषज्ञ बताते हैं कि अनियंत्रित मधुमेह शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे दिल का दौरा, स्ट्रोक, आंखों की रोशनी जाना, किडनी फेलियर और नसों को नुकसान जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। मधुमेह के नियंत्रण एवं बचाव के संबंध में चिकित्सकों का कहना है कि नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच कराएं।

थोड़ी सी जागरूकता, सही दिनचर्या

विश्व मधुमेह दिवस हमें यह याद दिलाता है कि थोड़ी सी जागरूकता, सही दिनचर्या और समय पर लिया गया कदम हमें और हमारे परिवार को मधुमेह के खतरे से सुरक्षित रख सकता है। सभी आयु वर्ग और समुदायों के लाखों लोगों को प्रभावित करने वाली मधुमेह, निःसंदेह 21वीं सदी की सबसे गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन के मुताबिक वर्ष 2050 तक मधुमेह रोगियों की संख्या बढ़कर 853 मिलियन होने का अनुमान है। भारत में भी स्थिति कम चिंताजनक नहीं है। दक्षिण-पूर्व एशिया में मधुमेह के 107 मिलियन मामलों में से लगभग 90 मिलियन मामले भारत में हैं, जिससे यह इस क्षेत्र में मधुमेह से पीड़ित लोगों की सबसे अधिक संख्या वाला देश बन गया है। आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में दुनिया भर में हर 9 में से 1 वयस्क मधुमेह से पीड़ित है जो यह दर्शाता है कि समय पर जांच कितनी आवश्यक है। (युवराज) प्रदीप कुमार वर्मा

SCROLL FOR NEXT