ताकि मन लगा रहे एक्सरसाइज में  ताकि मन लगा रहे एक्सरसाइज में
संजीवनी

ताकि मन लगा रहे एक्सरसाइज में

व्यायाम

अक्सर एक्सरसाइज हम उद्देश्य को सामने रख कर करते हैं जैसे तनाव कम करना, पतला होना, स्वस्थ रहना, चुस्त रहना आदि। अगर परिणाम पोजिटिव हों तो व्यायाम नियमित करने का उत्साह बना रहता है और जैसे ही परिणाम मन माफिक न हों तो उत्साह धरा का धरा रह जाता है।

कई बार लोग व्यायाम करते करते बोर हो जाते हैं और व्यायाम करना छोड़ देते हैं। नतीजतन वे अपने उद्देश्य से भटक जाते हैं। ऐसे लोग पुनः व्यायाम अपने लाइफस्टाइल में लाने के लिए तैयार ही नहीं होते।

अगर आप भी व्यायाम करते करते बोर महसूस कर रहे हैं तो समय रहते अपने वर्कआउट करने के तरीके, समय और अन्य कमियों पर नजर डालें ताकि आप पर वह नौबत न आने पाए कि आपको वर्कआउट छोड़ना पड़े।

ध्यान दें अपने मकसद पर

जिस उद्देश्य को लेकर आपने व्यायाम करना प्रारंभ किया है, उस उद्देश्य को आप हासिल कर रहे हैं या नहीं, इस बात का ध्यान रखें। अगर कामयाबी मिल रही है तो आप और दिल लगाकर व्यायाम के समय व्यायाम करें। अगर किसी कारणवश आप नाकामयाब हो रहे हैं अपने उद्देश्य में तो किसी फिटनेस एक्सपर्ट से सलाह लेकर व्यायाम के नए तरीके अपनाएं, जिससे परिणाम भी मिले और आप बोर न हों।

जरूरत अनुसार व्यायाम करें

अगर आप आवश्यकता से अधिक व्यायाम करते हैं तो आप जल्दी बोर हो जाएंगे और शरीर और दिमाग से भी थके थके रहेंगे। इस अवस्था में चाहे आप अपने मकसद में कामयाब हो भी रहे होंगे पर जल्दी ही ऊब के कारण आप उसे छोड़ देंगे। व्यायाम करते समय बीच में थोड़ा शरीर को आराम अवश्य दें ताकि थकान अधिक न हो।

सप्ताह में दो दिन व्यायाम से विश्राम लें ताकि बोर न हो। इससे एनर्जी भी बनी रहेगी और मन भी लगा रहेगा।

भोजन पर भी उचित ध्यान दें

पौष्टिक भोजन और व्यायाम का चोली दामन का साथ है। नियमित व्यायाम करने वालों को अपना आहार पौष्टिक रखना चाहिए ताकि शरीर में ऊर्जा बनी रहे नहीं तो कमजोरी महसूस होगी और आप व्यायाम से बोर होकर व्यायाम छोड़ देंगे इसलिए व्यायाम करने वालों के लिए संतुलित आहार आवश्यक है।

व्यायाम किसी मित्र या शुभचिंतक के साथ करें

अगर आप अकेले व्यायाम कर रहे हैं तो आप जल्दी बोर हो जाएंगे। अगर आप किसी प्रिय मित्र के साथ व्यायाम कर रहे हैं तो आपको बोरियत कम होगी क्योंकि आप व्यायाम के दौरान ताजा घटनाओं पर डिस्कस कर सकते हैं या बातें कर स्वयं को तरोताजा रख सकते हैं। ध्यान दें कि मित्र आपका शुभचिंतक हो, ईर्ष्यालु न हो। फिर व्यायाम का मजा ही अलग होगा।

व्यायाम में विभिन्नता रखें

एक ही तरह के व्यायाम करने से आप जल्दी बोर हो जाएंगे और आपकी कैलोरी भी 25 प्रतिशत कम बर्न होगी। बोरियत से बचने के लिए और कैलोरी पूरी बर्न हो, इसके लिए व्यायाम के प्रोग्राम में बदलाव लाते रहें। नए तरह के व्यायाम में आपका दिल भी लगा रहेगा और परिणाम भी अच्छे आएंगे। विभिन्न व्यायाम आपके शरीर की विभिन्न मांसपेशियों को पुष्टता भी प्रदान करेंगे।

सकारात्मक सोच रखें

सकारात्मक सोच रखने से परिणाम अच्छे मिलते हैं पर अगर आप शिकायतें करते रहेंगे तो मन व्यायाम में नहीं लगेगा और मन व्यायाम में नहीं तो परिणाम नकारात्मक होंगे। अगर आप उचित परिणाम चाहते हैं तो खुले मन से व्यायाम करें।

लगातार फास्ट व्यायाम आपके मन और शरीर को थका देते हैं जिससे मन जल्दी ही उससे भटकने लगता है। व्यायाम के दौरान सप्ताह में एक या दो दिन योगाभ्यास, प्राणायाम, ध्यान में लगाएं जिससे शरीर में लचीलापन बना रहे और मन शांत रहे तथा लाभ पूरा मिल सके।

नीतू गुप्ता (स्वास्थ्य दर्पण)

SCROLL FOR NEXT