मौसम चक्र के हिसाब से तो शरद ऋतु की शुरुआत सितंबर से हो चुकी है लेकिन ग्लोबल वार्मिंग, स्मॉग, प्रदूषण और कई अन्य कारणों से अब मौसम का बदलाव विलंब से हो रहा है । इस बार मौसम का यह बदलाव अक्टूबर के बजाय नवंबर में हो रहा है। ऋतु परिवर्तन या मौसम के बदलाव का प्रभाव प्रकृति के साथ-साथ शरीर पर भी पड़ता है। इसे कुछ ऐसे समझा जा सकता है यदि कांच एक गर्म गिलास में ठंडा पानी या बर्फ के टुकड़े डालें तो वह गिलास टूट जाता है क्योंकि वह गर्म से ठंडे वातावरण में एकदम अनुकूलन नहीं कर पाता । ऐसा ही असर मौसम के बदलाव का हमारे शरीर की कोशिकाओं पर होता है और कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले व्यक्ति खासतौर पर बच्चे एवं वृद्ध मौसम के इस बदलाव के शिकार हो जाते हैं। इसलिए बेहतर है कि मौसम के बदलाव के साथ-साथ हमें अपने रहन-सहन खान पान एवं पहनावे में भी बदलाव कर लेना चाहिए जिससे स्वस्थ रहा जा सके।
गर्मी के बाद जब सर्द हवाएँ चलने लगती हैं, सुबह-शाम ठंडक महसूस होती है और दिन छोटे होने लगते हैं, तब प्रकृति के साथ-साथ मानव शरीर पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ता है। यह बदलाव केवल तापमान का नहीं, बल्कि शरीर की जैविक और रासायनिक प्रक्रियाओं का भी होता है। इस संक्रमण काल में जिसे आयुर्वेद में ऋतु-संधि कहा गया है शरीर की प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) अस्थिर हो जाती है। परिणामस्वरूप जुकाम, खांसी, बुखार, त्वचा रोग, जोड़ों का दर्द, सर्दी-जुकाम जैसी मौसमी बीमारियाँ आम हो जाती हैं।
जब तापमान गिरता है, तो शरीर की रक्त वाहिकाएँ सिकुड़ने लगती हैं जिससे रक्त प्रवाह अपेक्षाकृत धीमा हो जाता है। शरीर को गर्म रखने के लिए चयापचय (Metabolism) की दर बदल जाती है और ऊर्जा की खपत बढ़ जाती है। नाक और गले की श्लेष्म झिल्ली (Mucous Membrane) सूखने लगती है जिससे वायरस के प्रवेश की संभावना बढ़ जाती है । इस ऋतु संधि काल में इन्फ्लूएंजा वायरस और राइनोवायरस जैसे संक्रमण तेजी से फैलते हैं।साथ ही, सूर्य के प्रकाश में कमी आने से शरीर में रोगप्रतिरोध विटामिन डी का स्तर घट जाता है । गुनगुनी ठंड के मौसम में निंद्राचक्र और पर भी असर पड़ता है, जिससे थकान व सुस्ती आती है।
यदि शरीर तैयार हो तो सर्दी का मौसम ऊर्जा से भरपूर होता है । इस समय शरीर को मजबूत करने और बीमारियों से बचाने के लिए इम्यून सिस्टम को सुदृढ़ रखना आवश्यक है। आयुर्वेद के अनुसार जो व्यक्ति ऋतु के अनुसार आहार-विहार करता है, वही स्वस्थ जीवन जी सकता है।
इस मौसम में अच्छे स्वास्थ्य के लिए दैनिक क्रियाओं में नियमित व्यायाम और प्राणायाम को शामिल करना बहुत फायदेमंद रहता है। सुबह-सुबह योगासन, सूर्य नमस्कार और प्राणायाम से शरीर में ऊष्मा बढ़ती है तथा श्वसन तंत्र मजबूत होता है। यह सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं से सुरक्षा प्रदान करता है।
तेल मालिश (अभ्यंग) से भी लाभ होता है सरसों या तिल के तेल से मालिश करने से शरीर की त्वचा नम रहती है और रक्त संचार सुचारु होता है। ठंड से जकड़न या जोड़ों के दर्द की शिकायत कम होती है।
लेकिन सबसे ज्यादा जरूरी है धूप सेवन ।
सुबह की हल्की धूप में बैठना शरीर में विटामिन डी के स्तर को बनाए रखने का सबसे सरल उपाय है।
पर्याप्त मात्रा में शयन और जल पीना भी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाएगा।
सर्दी में पानी पीने की इच्छा कम होती है, परंतु शरीर के विषैले तत्वों को बाहर निकालने के लिए जल का सेवनआवश्यक है। साथ ही, पर्याप्त नींद से शरीर को पुनः ऊर्जा मिलती है।
मौसम के अनुसार खान-पान में आवश्यक परिवर्तन सबसे ज्यादा जरूरी है। सर्दी में शरीर को ऊर्जा और ऊष्मा दोनों की ज़रूरत होती है। इसलिए दलिया, सूप, दाल, मूंगफली, तिल, गुड़, शहद, घी, अदरक, लहसुन, हल्दी, और सूखे मेवे जैसे खाद्य पदार्थ उपयोगी हैं।मौसमी फल और सब्जियाँ जैसे संतरा, आंवला, नींबू, टमाटर जैसे विटामिन सी युक्त फल शरीर को संक्रमण से बचाते हैं। पालक, मेथी, गाजर, मूली जैसी सब्जियाँ पाचन और पोषण दोनों में सहायक हैं।
ठंडी वस्तुओं से परहेज़ करेंगे तो सर्दी जुकाम से बचे रहेंगे। फ्रिज का ठंडा पानी, आइसक्रीम या फ्रिज के खाद्य पदार्थों से यथासंभव बचें क्योंकि ये गले और फेफड़ों पर विपरीत असर डालते हैं।
जहां खानपान से शरीर को अंदरूनी मजबूती मिलती है वहीं बाहर की गुनगुनी सर्दी से रक्षा के लिए पहनावे में सावधानी और संतुलन ज़रूरी है। सर्दी से बचाव का सबसे सरल उपाय है मौसम एवं तापमान के अनुसार उचित वस्त्र पहनना । शरीर के संवेदनशील अंग जैसे सिर, कान, गला, पैर आदि को गर्म रखना चाहिए। ऊनी टोपी, मफलर, मोज़े और दस्ताने आवश्यक हैं।लेकिन ध्यान रहे कि अत्यधिक कपड़े पहनने से शरीर का ताप संतुलन बिगड़ सकता है और पसीने के बाद ठंड लगने का खतरा बढ़ता है।
कुछ आयुर्वेदिक और घरेलू उपाय भी सर्दी के संक्रमण से बचाव करते हैं जैसे सुबह गर्म पानी में थोड़ा नींबू और शहद मिलाकर पीने से प्रतिरोधक शक्ति बढ़ती है। अदरक-तुलसी की चाय या काढ़ा सर्दी-जुकाम में रामबाण है। नाक में घी या तेल की बूँदें डालना से श्वसन तंत्र की सुरक्षा होती है। लेकिन यदि नाक में कोई संक्रमण है या आपको इन चीजों से एलर्जी है तो चिकित्सक की सलाह के बाद ही ऐसा करना चाहिए। सर्दियों में एक चुटकी हल्दी दूध में मिलाकर पीने की परंपरा आज भी स्वास्थ्यवर्धक मानी जाती है।
अब प्रकृति तो अपने ही हिसाब से चलेगी. मौसम को बदलना है तो बदलेगा लेकिन इस बदलाव से सुरक्षा के लिए हमें सजग स्वयं ही रहना होगा। (युवराज)
डॉ. घनश्याम बादल